
हाइलाइट्स
कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो का दावा एक बार फिर झूठा साबित हुआ.
ट्रूडो ने कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन ने भारत से निज्जर मामला उठाने का भरोसा दिया.
भारत-अमेरिका के विदेश मंत्रियों की मुलाकात में कनाडा मुद्दे का कोई जिक्र नहीं हुआ.
नई दिल्ली. कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो (Justin Trudeau) का दावा एक बार फिर से झूठा साबित हुए है. ट्रूडो ने गुरुवार को दावा किया कि अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन (Antony Blinken) ने उन्हें भरोसा दिया कि वह भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर (S Jaishankar) के साथ अपनी बैठक के दौरान खालिस्तानी अलगाववादी-आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर (Hardeep Singh Nijjar) की हत्या का मुद्दा उठाएंगे. ट्रूडो ने दावा किया कि ‘ भारत सरकार से बात करने में अमेरिका हमारे साथ रहा है. ताकि वे उन विश्वसनीय आरोपों पर कार्रवाई में शामिल हों कि भारत सरकार के एजेंटों ने कनाडा की धरती पर एक कनाडाई नागरिक की हत्या कर दी.’
बहरहाल जब भारत और अमेरिका के विदेश मंत्रियों की मुलाकात हुई तो कनाडा मुद्दे का कोई जिक्र नहीं हुआ और ज्यादातर फोकस कई क्षेत्रों में भारत-अमेरिका साझेदारी को बढ़ाने पर था. भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर इस समय वाशिंगटन डीसी की पांच दिनों की आधिकारिक यात्रा पर हैं. हाल ही में नई दिल्ली में हुए जी-20 शिखर सम्मेलन के बाद यह पहली बार है, जब दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की मुलाकात हुई है. जयशंकर ने अपनी बैठक के बाद एक पोस्ट में कहा कि ‘आज विदेश विभाग में अपने मित्र अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से मिलकर बहुत अच्छा लगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जून यात्रा के बाद व्यापक चर्चा. वैश्विक घटनाओं पर नोट्स का आदान-प्रदान भी किया. बहुत जल्द हमारी 2+2 बैठक की नींव रखी जाएगी.’
दूसरी ओर अमेरिकी विदेश मंत्री की वेबसाइट पर उनकी मुलाकात के बाद जारी बयान में भी कनाडा या निज्जर की हत्या का जिक्र नहीं है. बहरहाल इस तमाम बयानबाजी के बीच कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा कि कनाडा भारत के साथ घनिष्ठ संबंध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. फिर भी उन्होंने दोहराया कि खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत सरकार के शामिल होने के ‘विश्वसनीय आरोप’ हैं. दूसरी ओर एपी की एक अलग रिपोर्ट में एक अनाम अधिकारी का हवाला देते हुए दावा किया गया कि ब्लिंकन ने निज्जर हत्या की जांच में दोनों देशों के बीच सहयोग का अनुरोध किया.
बांग्लादेश के विदेश मंत्री ने जस्टिन ट्रूडो को दिखाया आईना, कनाडा को बताया ‘हत्यारों का अड्डा’
गौरतलब है कि कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने इस महीने की शुरुआत में दावा किया था कि खालिस्तानी अलगाववादी-आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत का हाथ था. भारत ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें ‘बेतुका’ और ‘प्रेरित’ बताया है. अपने दावे के बावजूद ट्रूडो ने अभी तक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के दावे में भारत का हाथ होने के लिए कोई सार्वजनिक सबूत उपलब्ध नहीं कराया है.
.
Tags: Antony Blinken, Canada, EAM S Jaishankar, Justin Trudeau
FIRST PUBLISHED : September 29, 2023, 12:27 IST


